स्वास्थ्य सेवाओं के नए युग की शुरुआत, केवल सिंह पठानिया के प्रयास लाए रंग
नगर संवाददाता-शाहपुर
शाहपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया के प्रयासों से सिविल अस्पताल शाहपुर ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में पहली बार सफल सर्जरी कर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नया इतिहास रचा गया है। इस अवसर पर 65 वर्षीय उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीज के बाएं इंग्वाइनल हर्निया का सफल ऑपरेशन किया गया। यह जटिल सर्जरी एनेस्थेटिस्ट डॉ. दिव्या चौधरी और सर्जन डॉ. शलभ के नेतृत्व में पूरी टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई। विधायक केवल सिंह पठानिया ने इस उपलब्धि पर अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शाहपुर सिविल अस्पताल को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करना उनकी प्राथमिकता रही है और यह सफलता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन, नए भवन का निर्माण, दवा वितरण केंद्र तथा डायलिसिस यूनिट जैसी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य स्थानीय लोगों को घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बड़े अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। पठानिया ने कहा कि विधायक बनने के बाद अस्पताल के विकास के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं। मरीजों की सुविधा के लिए कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं और डायलिसिस यूनिट की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि यह पहली सफल सर्जरी अस्पताल के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी ।