विधायक संजय अवस्थी ने 5.40 लाख के निर्माण कार्य की रखी आधारशिला, हरथू खेल मैदान को एक लाख देने की घोषणा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
विधायक संजय अवस्थी ने बसंतपुर पंचायत के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने 5.40 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले पुस्तकालय एवं सभागार भवन का शिलान्यास किया। संजय अवस्थी ने कहा कि शिक्षा विकसित समाज का आधार है। समग्र विकास सुनिश्चित बनाने और विकास के लाभ जन-जन तक पहुंचाने में शिक्षित एवं परिश्रमी समाज महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हरथू खेल मैदान के लिए एक लाख रुपए, बैरटी में हेतराम के घर से मोक्षधाम तक सडक़ बनाने के लिए एक लाख रुपए और ठांगर में स्नानागार के लिए एक लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने महिला मंडल बसंतपुर, महिला मंडल कहडोग, महिला मंडल पूरायना, महिला मंडल हरथू और युवक मंडल को 11-11 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 रुपए तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने रुग गांव से मधम सडक़ के निर्माण, जोल खड्ड से हरथू बसंतपुर सडक़ की मेटलिंग व टायरिंग कार्य के लिए अनुमानित राशि के अनुरूप धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भेलनाला से हरथू सिंचाई योजना कार्य को शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा। इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।