घर में सेंध लगाकर उड़ाया लाखों का सोना

चोरों ने जाहू में मचाई दहशत, पांच लाख की नकदी भी चुराई
निजी संवाददाता – जाहू
पुलिस चौकी जाहू के तहत जाहू गांव में बुधवार रात को चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। टारगेट बनाकर एक घर से लाखों का सोना तथा नगदी चुराई गई है। चुराए गए सोने की कमी 25 से 30 लाख के बीच बताई जा रही है, जबकि पांच लाख की नकदी पर हाथ साफ किया गया है। चोर घर की खिडक़ी की ग्रिल तोडक़र अंदर घुसे तथा सामान चुराकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार जाहू निवासी जगदीश लाल चड्ढा के घर से करीब 20 तोले सोना, लगभग एक किलोग्राम चांदी तथा पांच लाख रुपए की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है।

घटना के समय जगदीश लाल चड्ढा, उनकी पत्नी और पोता घर में सो रहे थे। चोर मकान के एक कमरे की खिडक़ी में लगी लोहे की ग्रिल तोडक़र अंदर घुसे। सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो उन्होंने देखा कि कमरे की खिडक़ी टूटी हुई है और सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी के ताले और दरवाजे भी टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब हैं। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। डॉग स्क्वायड की सहायता भी ली गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

सलाखों के पीछे होंगे आरोपी
एएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि मामले दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। बहुत जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।