टाइपकास्टिंग से बाहर निकल खुद को नए रूप में साबित करना चाहती हैं हेली शाह

By: Jun 9th, 2026 2:26 pm

मुंबई। टेलीविजन अभिनेत्री हेली शाह ने कहा है कि टीवी के बाद अन्य माध्यमों में काम करने वाले कलाकारों के लिए पहले से बनी धारणाओं को तोडऩा एक बड़ी चुनौती होती है, लेकिन लगातार अच्छे काम और सही अवसरों के जरिए लोगों की सोच बदली जा सकती है। टेलीविजन के माध्यम से लोकप्रियता हासिल करने वाली हेली शाह ने कहा कि नए फॉर्मेट्स में काम करने के बावजूद ‘टीवी एक्ट्रेस’ का टैग कई कलाकारों का लंबे समय तक पीछा नहीं छोड़ता। हालांकि उनका मानना है कि प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर कलाकार अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। अपने करियर के सफर पर बात करते हुए हेली शाह ने कहा कि मैं कई वर्षों तक टेलीविजन का हिस्सा रही हूं और इसके लिए हमेशा आभारी रहूंगी।

यह मेरा कम्फर्ट ज़ोन रहा है, लेकिन मैं नए अवसरों को भी तलाशना चाहती हूं क्योंकि अक्सर मुझे केवल एक टीवी एक्ट्रेस के रूप में देखा गया है। गुल्लक जैसी शानदार टीम के साथ काम करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा। मैं हमेशा से टीवीएफ के साथ काम करना चाहती थी और ‘गुल्लक’ के जरिए मेरा ओटीटी डेब्यू होना इसे और भी विशेष बनाता है। उन्होंने कहा कि शो की सादगी और वास्तविकता आज भी बरकरार है, जिसके कारण दर्शक हर सीजन से गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं। हेली शाह ने कहा कि फिलहाल मेरा ध्यान केवल अच्छे काम पर है। मैं ऐसी जगह नहीं रहना चाहती जहां बिना किसी वजह के सिर्फ दिखाई देने के लिए इवेंट्स में जाऊं। मेरी कोशिश है कि लोग मुझे मेरे काम की वजह से पहचानें और पसंद करें। उन्होंने कहा कि ‘गुल्लक’ उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसने उन्हें एक कलाकार के रूप में अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाने और रचनात्मक दायरा बढ़ाने का अवसर दिया है। हेली का मानना है कि अब दर्शक कलाकारों का मूल्यांकन केवल उनकी छवि या टैग से नहीं, बल्कि उनके काम और प्रतिभा के आधार पर कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App