समर फेस्टिवल में रात साढ़े 10 बजे तक दौड़ेंगी एचआरटीसी की बसें

अंतिम दिन 12 जून को साढ़े 12 बजे तक मिलेगी सुविधा, समर फस्टिवल का लुत्फ उठाने वाले लोगों की घर जाने की टेंशन खत्म

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी में समर फेस्टिवल का आगाज हो गया है। ऐसे में समर फेस्टिवल की सांस्कृतिक संध्या का सभी लोग लुत्फ उठा सकें और घर जाने के लिए सुविधा मिल सके। इसके लिए एचआरटीसी ने विशेष बसें चलाने का फैसला लिया है, जो सोमवार से लागू हो गया है। यह सुविधा 12 जून तक मिलेगी। समर फेस्टिवल के दौरान शहर में उमडऩे वाली भीड़ और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एचआरटीसी की स्थानीय इकाई शिमला-12 ने अतिरिक्त बसों, टैक्सियों और टेंपो सेवाओं को संचालित करने का निर्णय लिया है।

एचआरटीसी के अनुसार आठ जून से 11 जून तक सुबह छह बजे से रात 10:30 बजे तक और समर फेस्टिवल के अंतिम दिन 12 जून को रात 12:30 बजे तक विशेष परिवहन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। यह सेवाएं नियमित बस सेवाओं के अतिरिक्त होंगी, जिससे यात्रियों को शहर के विभिन्न हिस्सों से रिज और मॉल रोड तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। समर फेस्टिवल के दौरान यातायात का दबाव बढऩे की संभावना को देखते हुए टैक्सी सेवाओं को भी मांग के अनुसार संचालित किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर तैनात निरीक्षण स्टाफ यात्रियों की संख्या और मांग का आकलन करेगा तथा आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन और एचआरटीसी को उम्मीद है कि अतिरिक्त बसों और टेंपो सेवाओं के संचालन से समर फेस्टिवल के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और लोगों को देर रात तक सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

यहां से मिलेगी एचआरटीसी की सुविधा
निगम ने पुराने बस अड्डे से छोटा शिमला, संजौली, लक्कड़ बाजार, आईएसबीटी, टुटू और मेहली जैसे प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें लगाने का फैसला किया है। इन रूटों पर कुल 10 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। वहीं लक्कड़ बाजार-आईजीएमसी-संजौली तथा सीटीओ-सम्मरहिल और सीटीओ-टुटू-हिरानगर मार्गों पर विशेष टेंपो सेवाएं भी चलाई जाएंगी।

दस चिन्हित स्थानों पर तैनात रहेंगे कर्मी
एचआरटीसी ने परिवहन व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों और निरीक्षकों की विशेष ड्यूटी भी लगाई है। संजौली चौक, लक्कड़ बाजार, खलीनी, छोटा शिमला, विकासनगर, पुराना बस अड्डा, एमएलए क्रॉसिंग और सीटीओ जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर अधिकारी यात्रियों की सुविधा और यातायात प्रबंधन की निगरानी करेंगे।