24 जून तक मांगें पूरी नहीं, तो 25 से ठप होंगी बस सेवाएं
नालागढ़ में एचआरटीसी ड्राइवर और कंडक्टर यूनियन ने दी आर-पार की चेतावनी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। मंगलवार को नालागढ़ क्षेत्र में एचआरटीसी ड्राइवर और कंडक्टर यूनियन द्वारा संयुक्त रूप से गेट मीटिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई गई। बैठक की अध्यक्षता ड्राइवर यूनियन के प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर और कंडक्टर यूनियन के प्रांतीय प्रधान महिंद्र सिंह ने की। इस दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि निगम कर्मचारी लंबे समय से वेतन और पेंशन में देरी, करोड़ों रुपए के एरियर, ओवरटाइम भुगतान सहित कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद सरकार और निगम प्रबंधन कोई ठोस समाधान नहीं कर रहे।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों में लगातार बढ़ रहे रोष को देखते हुए निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार को 24 जून तक का अंतिम नोटिस दिया गया है। यदि तय समय सीमा तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 25 जून से प्रदेशभर में एचआरटीसी की सभी बस सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी और कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि हड़ताल के चलते प्रदेश की जनता को किसी प्रकार की असुविधा होती है या निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और निगम प्रबंधन की होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
