राज्य के तीन जिलों में उष्ण लहर चलने का येलो अलर्ट
ऊना में फिर से 42.8 डिग्री तक पहुंचा तापामन
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश में जून की गर्मी से अब राज्य के मैदानी क्षेत्रों के साथ पहाडी क्षेत्र भी तपने लगे हैं। मंगलवार को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण निचले व मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी रही, जबकि कई पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नेरी में 39.1 डिग्री, कांगड़ा में 38.8 डिग्री, मंडी में 38.0 डिग्री, बरठीं में 37.6 डिग्री, सुंदरनगर में 37.4 डिग्री, नाहन में 36.3 डिग्री, भुंतर में 35.2 डिग्री, धर्मशाला में 35.0 डिग्री, चंबा में 34.4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 32.2 डिग्री, शिमला में 27.5 डिग्री, मनाली में 27.2 डिग्री, ताबो में 24.7 डिग्री, कल्पा में 23.8 डिग्री, कुफरी में 23.1 डिग्री और केलांग में 21.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन के साथ-साथ रातों की गर्मी भी लोगों को परेशान कर रही है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को देर रात तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा नेरी में 26.2 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 26 डिग्री, बिलासपुर में 23 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 22 डिग्री, कांगड़ा में 21.2 डिग्री, ऊना में 20.6 डिग्री, पालमपुर में 20.4 डिग्री, नाहन में 20.1 डिग्री, सुंदरनगर में 19.8 डिग्री, मंडी में 19.7 डिग्री, धर्मशाला में 19.4 डिग्री और शिमला में 19 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि धर्मशाला, नाहन, कांगड़ा, चंबा, सोलन और केलांग जैसे कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम भी रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 10 जून के लिए ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों के कुछ हिस्सों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
11 जून से ओलावृष्टि से और तेज आंधी का अलर्ट
हालांकि 11 जून से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। विभाग के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। 11 जून को कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में आंधी, ओलावृष्टि, बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और सोलन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और वर्षा का येलो अलर्ट रहेगा।
12 जून को 4 जिलों में आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट
12 जून को कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 13 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी, वर्षा और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 14 जून को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसी तरह का येलो अलर्ट रहेगा। 15 जून को भी मौसम खराब रहने, बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है, हालांकि इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
—-जय