जयराम का आरोप, अब लोगों का ‘दिल’ तड़पाने लगी सरकार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में हृदय रोग विभाग में ताला लटकाने को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बड़ी आबादी के मरीजों के दिल का इलाज करने वाले हृदय रोग विभाग को सरकार ने बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि हृदय रोग विभाग लोगों के जीवन से जुड़ा हुआ है। हृदय रोग की बीमारियों में कई बार तत्काल इलाज मिलना ही जीवन बचा पाता है।
देरी का मतलब बहुत बड़ा नुकसान है, लेकिन सरकार ने टांडा मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष को स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक का विशेष कार्याधिकारी बना दिया। अब मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विभाग में डॉक्टर न होने की वजह से इलाज करवाने पहुंचे लोगों को किस तरह की असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, मुख्यमंत्री को इसकी खबर भी होनी चाहिए। लोगों को अपनी जान बचाने के लिए मजबूरन महंगे निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा।
ऊना पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री
ऊना — प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मंगलवार सायंकाल ऊना पहुंचे। ऊना सदर के विधायक एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के नेतृत्व में भाजपा ऊना मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने जयराम ठाकुर को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 10 जून बुधवार को ऊना में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह भाजपा के जिला कार्यालय दीप कमल, ऊना में आयोजित हिमाचल प्रदेश भाजपा के विशेष प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लेंगे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, आगामी रणनीतियों तथा जनसंपर्क अभियानों को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जयराम ठाकुर ऊना स्थित महादेव मंदिर अजनौली में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह आयोजन पीएम नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने के कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
