आईटीआई पतलीकूहल में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव, मोहाली में होगी तैनाती, ्रप्रधानाचार्य ने छात्रों को दी बधाई
कार्यालय संवाददाता-पतलीकूहल
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पतलीकूहल में प्रशिक्षुओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का द्वार खुला है। संस्थान में प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड स्वराज डिवीजन मोहाली पंजाब द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न आईटीआई संस्थानों के 45 प्रशिक्षुओं का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इस भर्ती अभियान का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उद्योगों से जोडऩा तथा उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना था। कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में आईटीआई पतलीकूहल के अलावा करसोग, उदयपुर, शमशी तथा अन्य संस्थानों के विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और मूल्यांकन किया गया, जिसके बाद 45 प्रशिक्षुओं को महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्वराज डिवीजन मोहाली के लिए चुना गया।
कंपनी की ओर से चयनित प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण अवधि के दौरान 18,580 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी के नियमों के अनुसार अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे प्रशिक्षुओं को न केवल आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि उन्हें देश की अग्रणी औद्योगिक इकाई में कार्य करने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। संस्थान के प्रधानाचार्य अर्पित आनंद ने चयनित प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में उद्योग और संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रभारी भगवत चौहान ने कंपनी का आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए प्रयास होंगे।