सिरमौर में जून की तपिश चरम पर, कालाअंब 41 डिग्री के साथ सबसे गर्म

मैदानी क्षेत्रों के साथ पहाड़ भी तपे; कल से बारिश और आंधी के आसार, सिरमौर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सिरमौर जिला में जून के दूसरे सप्ताह में गर्मी ने अपने तेवर और तीखे कर दिए हैं। मंगलवार को जिले के अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालात ऐसे रहे कि दोपहर के समय बाजारों और सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए, जबकि आवश्यक कार्य से बाहर निकलने वालों ने छाते और सिर ढककर गर्मी से बचाव किया। जिले में सबसे अधिक तापमान कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पांवटा साहिब 39.5 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा मोगीनंद में 37.5 डिग्री, सतौन में 37.2 डिग्री तथा नाहन और ददाहू में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

गर्मी का असर केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सिरमौर के प्रसिद्ध पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर भी इसका प्रभाव स्पष्ट दिखाई दिया। हरिपुरधार का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और सराहां का 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। गर्मी का असर रात के समय भी महसूस किया जा रहा है। पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इससे लोगों को रात के समय भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जून को गर्मी और बढ़ सकती है। हालांकि 11 जून से मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं, आंधी और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो सकता है।

40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा चलेगा तूफान
मौसम विभाग ने 11 जून के लिए सिरमौर, शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 और 12 जून को मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहेगा। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। 13 और 14 जून को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव के बाद प्रदेश में गर्मी का प्रकोप काफी हद तक कम हो जाएगा।