टाहलीवाल शहर को बड़ी सौगात, 24.10 करोड़ की सीवरेज परियोजना मंजूर
कार्यालय संवाददाता —टाहलीवाल
हरोली विधानसभा क्षेत्र के टाहलीवाल शहर के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। उपमुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से टाहलीवाल नगर पंचायत क्षेत्र में पहली बार आधुनिक सीवरेज व्यवस्था विकसित करने के लिए लगभग 24 करोड़ 10 लाख रुपए की महत्त्वाकांक्षी परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। प्रदेश सरकार के जलशक्ति विभाग द्वारा इस सीवरेज परियोजना को स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। टाहलीवाल, जो हरोली विधानसभा क्षेत्र की एकमात्र नगर पंचायत है, लंबे समय से आधुनिक सीवरेज सुविधा की मांग कर रहा थी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार टाहलीवाल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित नगर के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि सीवरेज परियोजना के पूर्ण होने के बाद गंदे पानी के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित होगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस परियोजना से शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत होगी। वहीं, क्षेत्र के लोगों ने इस महत्त्वपूर्ण स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे टाहलीवाल के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना से शहर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
