पांच फायर टेंडर ने छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बरोटीवाला
औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी में मंगलवार तडक़े एक बाथ फिटिंग उद्योग में भीषण आग लगने से मशीनरी, तैयार माल और रॉ मैटेरियल जलकर राख हो गए, जिससे करोड़ों के नुकसान का अनुमान है। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से करीब दो करोड़ रुपए की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब चार बजे अग्निशमन विभाग को गांव झाड़माजरी स्थित उद्योग में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही विभाग की टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए विभाग के पांच फायर टेंडर और करीब 15 अग्निशमन कर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। करीब छह घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
कंपनी के जीएम नीरज त्यागी ने बताया कि आगजनी की इस घटना में उद्योग में लगी ऑटोमेटिक पॉलिशिंग मशीन, ऑटोमेटिक प्लेटिंग प्लांट, मैन्युअल प्लेटिंग प्लांट, लेजर मशीन, तीन पैड प्रिंटिंग मशीनें, दो टेस्टिंग इक्विपमेंट, वॉल मिक्सर मशीन सहित भारी मात्रा में रखा कच्चा माल और तैयार माल पूरी तरह जल गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार उद्योग को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। कमांडेंट होम गार्ड संतोष कुमार ने बताया कि दमकल विभाग की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के चलते आग को आसपास की इकाइयों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। विभाग के रिकार्ड के अनुसार करीब 50 लाख रुपए की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, जबकि लगभग दो करोड़ रुपए की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। फायर ऑफिसर हेम राज ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई थीं और लगातार अभियान चलाकर आग पर नियंत्रण पाया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।