दुकानदारों में हडक़ंप, चालान कर सामान किया जब्त, भविष्य में अतिक्रमण न करने के को दी चेतावनी, दुकानदारों ने सडक़ पर फैला रखा है सामान
निजी संवाददाता – सुजानपुर
सुजानपुर शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर के मुख्य बाजार में लोगों और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में एमसी के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) हर्षित शर्मा ने सोमवार को बाजार का निरीक्षण किया और अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को अंतिम चेतावनी जारी की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सडक़ तक फैला रखा है। कुछ व्यापारियों ने नालियों के ऊपर लगी जालियों पर भी सामान रखकर कब्जा किया हुआ है, जिससे न केवल पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर सडक़ का आधे से अधिक हिस्सा दुकानों के सामान से घिरा हुआ मिला, जिस कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। नगर परिषद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजार की सडक़ों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का कब्जा नियमों के विरुद्ध है। इसके बावजूद कई बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी कुछ दुकानदार अपनी आदतों में सुधार नहीं ला रहे हैं।
यही कारण है कि अब प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का फैसला लिया है। ईओ हर्षित शर्मा ने नगर परिषद कर्मचारियों के माध्यम से सभी व्यापारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मंगलवार तक स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। उन्होंने कहा कि यह अंतिम अवसर दिया जा रहा है। यदि इसके बाद भी किसी ने सडक़, फुटपाथ या नालियों पर सामान रखा पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और नालियों के ऊपर रखा सामान जल निकासी व्यवस्था में सबसे बड़ी बाधा बन रहा है। कई बार नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पाती, जिस कारण बारिश के दौरान पानी सडक़ों पर भर जाता है। इससे दुकानदारों और आम लोगों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ईओ ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य किसी व्यापारी को परेशान करना नहीं है, बल्कि शहर में व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता को सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। नगर परिषद प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मंगलवार को स्वयं ईओ हर्षित शर्मा मौके पर मौजूद रहेंगे।