बोर्ड, नीट, जेईई और यूजीसी-नेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित, नशामुक्ति और छात्रवृत्ति जैसी सामाजिक पहल पर भी रहा जोर
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में शुक्रवार को सैनी समाज द्वारा भव्य ‘सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य समाज के मेधावी विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना और समाज की एकजुटता को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ नीट, जेईई और यूजीसी-नेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल, कला, कृषि, प्रशासनिक सेवा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
शिक्षकों के योगदान की भी विशेष रूप से सराहना की गई। वक्ताओं ने बताया कि सैनी समाज जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग भी संचालित कर रहा है। इसके अतिरिक्त नशामुक्ति अभियान, रक्तदान शिविर, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे सामाजिक अभियानों में भी समाज सक्रिय भूमिका निभा रहा है। किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देने और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के प्रयास भी निरंतर किए जा रहे हैं। विशिष्ट अतिथि गुरजीत सिंह सैनी ने समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला, जबकि विशेष अतिथि जसविंद्र सिंह सैनी और गुरदीप सिंह सैनी ने युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता राजकुमार सैनी ने समाज में बढ़ती नशे की समस्या और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से अपने विचार रखे। समारोह के दौरान परिवार बचाओ, समाज बचाओ अभियान के तहत सामाजिक मूल्यों पर भी चर्चा की गई।
शिक्षा और समाज सेवा पर दिया गया विशेष जोर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि दिलबाग सिंह सैनी ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास और प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने का आह्वान किया तथा समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर कार्य करने और बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।