Monsoon 2026: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के आसार, 11 जून से बारिश का अनुमान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश का इंतजार जल्द समाप्त हो सकता है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान में कहा गया है कि 11 जून से प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने का अनुमान है। आगामी पांच दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक तथा तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
विभाग के अनुसार नौ से 10 जून के बीच प्रदेश के एक-दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है। इस अवधि में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद 11 और 12 जून को मौसम के और सक्रिय होने के संकेत हैं। इन दिनों कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रायपुर स्थित माना हवाई अड्डे में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, हालांकि बादलों की आवाजाही और वर्षा के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
