बद्दी में दो करोड़ का नशा जलाया

एंटी चिट्टा-डे पर बद्दी पुलिस का बड़ा एक्शन, चूरा पोस्त, चरस, गांजा, चिट्टा, नशीली गोलियां-अफीम के पौधों को किया नष्ट

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस पर हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को पहली बार ‘एंटी.चिट्टा दिवस’ मनाया गया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहे प्रदेशव्यापी ‘एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन’ के तहत पुलिस जिला बद्दी ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस अधिनियम के विभिन्न मामलों में जब्त करीब 2.04 करोड़ रुपए मूल्य के नशीले पदार्थों को सरकारी इंसिनरेटर में नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के माध्यम से सरकार और पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रदेश में नशा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस जिला बद्दी द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 868 ग्राम चरस, 1.830 ग्राम चिट्टा 1315.187 किलोग्राम चूरा पोस्त, 2.500 किलोग्राम गांजा, 1200 माइक्रोलिट टैबलेट, 88 स्पास पोक्राम कैप्सूल तथा 2100 अफीम के पौधे शामिल हैं। इन सभी मादक पदार्थों का अनुमानित अंतरराष्ट्रीय एवं बाजार मूल्य लगभग 2.04 करोड़ रुपए आंका गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित निपटान करना नहीं, बल्कि नशा तस्करों और ड्रग माफिया को यह स्पष्ट संदेश देना भी है कि हिमाचल प्रदेश में उनके नेटवर्क को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। साथ ही युवाओं को चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की गिरफ्त से बचाने के लिए सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस जिला बद्दी की नशे से अधिक प्रभावित पंचायतों में पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में नशे के विरुद्ध जनभागीदारी बढ़ाने, जागरूकता अभियान तेज करने और प्रभावी रणनीति पर चर्चा की गई। पुलिस जिला बद्दी के सरकारी एवं निजी स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में एंटी-चिट्टा ई.शपथ भी दिलाई गईए ताकि युवाओं और आम नागरिकों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा सके।

चिट्टा अथवा किसी भी अन्य मादक पदार्थ की तस्करीए बिक्रीए भंडारण या सेवन से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत 112 या निकटतम पुलिस थाने में दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विनोद धीमान, एसपी बद्दी