गल्ले के अंदर से उड़ाई सैकड़ों की नकदी, पुलिस जांच में जुटी
निजी संवाददाता – भोटा
नगर पंचायत भोटा में संचालित एक जनरल स्टोर से चोरी का मामला सामने आया है। दुकान के अंदर से हजारों के हार तथा गल्ले से सैकड़ों की नगदी को चुराया गया है। चोरी की यह वारदात बुधवार रात के समय हुई है तथा गुरूवार सुबह के समय इसका पता चला। सूचना मिलने के उपरांत पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक बीरबल गांव मोरसू गारलां डाकघर भोटा जिला हमीरपुर मनियारी की दुकान करते हैं। जब गुरुवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो देखा की दुकान खुली थी। उन्होंने देखा कि ताला कुंडी समेत निकाल दिया गया था और अंदर से चार से पांच हजार के नोटों के हार गायब थे। उन्होंने बताया कि एक नोटों हार नीचे गिरा हुआ था जो 200 रुपए का था। गल्ले से लगभग 1500 चोरी हुए हैं। उन्होंने इसकी सूचना भोटा पुलिस सहायता कक्ष को दी। जनरल स्टोर भोटा अड्डे के पास में ही है। रात को अड्डे की चार से पांच दुकानें पूरी रात खुली रहती हैं, फिर भी चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने अड्डे के पास ही चोरी को अंजाम दे डाला।
सुराग जुटाने में लगी भोटा पुलिस
मौके पर भोटा पुलिस सहायता कक्ष की प्रभारी निर्मला ठाकुर टीम सहित पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।