ममता को कांग्रेस में आने का ऑफर, TMC में टूट के बाद पूर्व सांसद उदित राज बोले, राहुल गांधी को नेता मानिए

By: Jun 10th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

तृणमूल कांग्रेस के बिखरने के बीच, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कांग्रेस के साथ गठबंधन बनाकर अपनी राजनीतिक विरासत को बचाने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं। इसके लिए वह 8 जून को नई दिल्ली में हुई इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल हुईं। विपक्ष दलों की बैठक में ममता बनर्जी सोनिया गांधी को गले लगाती नजर आईं। उन्होंने राहुल गांधी से भी बात की। तृणमूल कांग्रेस में पड़ी फूट के बाद ममता की कांग्रेस से बढ़ती नजदीकियों को लेकर अटकलों का दौर भी शुरू हो गया है। सियासी हलके में चर्चाएं चल रही हैं कि ममता बनर्जी अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए कांग्रेस में लौटने का विचार कर सकती हैं।

इन अटकलों के बीच कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने ममता बनर्जी को कांग्रेस में शामिल होने का सुझाव भी दे दिया है। उन्होंने ममता बनर्जी को कांग्रेस में आने की सलाह दी। उदित राज ने कहा कि यदि ममता इंडिया ब्लॉक की साझेदार बनी रहती हैं, तो उन्हें अतीत की गलतियों को दोहराने से बचना चाहिए और पूरे समर्पण व गंभीरता के साथ गठबंधन को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को राहुल गांधी का नेतृत्व स्वीकार करना चाहिए और केजरीवाल जैसे नेताओं के प्रभाव में नहीं आना चाहिए।

ममता बनर्जी के घर पहुंची सीआईडी

कोलकाता। सीआईडी की एक टीम मंगलवार को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के घर पहुंची है। बताया जा रहा है कि कालीघाट स्थित निजी आवास पर सीआईडी की टीम पहुंची। बता दें कि ममता बनर्जी सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात करने उनके आवास गईं थीं। सूत्रों ने बताया कि सीआईडी अधिकारी कालीघाट पुलिस थाने की एक टीम और महिला पुलिस कर्मियों के साथ तृणमूल कांग्रेस के 30बी हरीश चटर्जी मार्ग स्थित केंद्रीय कार्यालय में हस्ताक्षर जांच मामले के चलते छानबीन के लिए पहुंचे थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App