परमार का दावा, प्रदेश की 70 फीसदी सीटें जीती भाजपा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला
धर्मशाला में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक विपिन परमार ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार हिमाचल में पंचायती राज चुनावों को टालना चाहती थी और जनप्रतिनिधियों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की फिराक में थी। परमार ने कहा कि सरकार 12 जिलों में जिला परिषद के चुनावों को रोककर लोकतंत्र का गला घोंटना चाहती थी, लेकिन जनता ने कांग्रेस की इन साजिशों को नाकाम करते हुए भाजपा की नीतियों पर अपनी मुहर लगा दी है।

चुनावी नतीजों पर खुशी जताते परमार ने दावा किया कि इन चुनावों में 70 फीसदी से अधिक भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीत कर आए हैं और कांग्रेस बहुत पीछे छूट गई है। इस मौके पर विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा के विधायक पवन काजल, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह, प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, अर्जन ठाकुर, मुल्ख राज प्रेमी, सचिन शर्मा, संजय शर्मा और विश्व चक्षु सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।