युवाओं को नशे से बचाना समाज की जिम्मेदारी

देवनी पंचायत में अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य निरोधक दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

कार्यालय संवाददाता-नाहन
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के स्वास्थ्य खंड धगेड़ा के तहत शुक्रवार को पंचायत देवनी में अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और पंचायती राज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएमओ डॉ. मोनिशा अग्रवाल ने की।

स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने कहा कि तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थ शरीर के लिए धीमे जहर की तरह हैं, जो कैंसर, मानसिक तनाव, स्मरण शक्ति में कमी, शारीरिक कमजोरी और निर्णय क्षमता को प्रभावित करते हैं। उन्होंने बताया कि नशे के कारण पारिवारिक कलह, घरेलू हिंसा, आर्थिक नुकसान, सडक़ दुर्घटनाएं और बच्चों की शिक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम में अधिकारियों ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों और उनकी आर्थिक मांगों पर सतर्क निगरानी रखने की अपील की। इस अवसर पर देवनी के प्रधान रामकुमार, सीएचओ अंजुमन तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।