स्कूल मर्ज करने पर भडक़ा जनाक्रोश

ग्रामीणों, अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने किया प्रदर्शन, सरकार को दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के घंडालवीं, संडयार और छंजयार स्कूलों के विलय के फैसले के खिलाफ क्षेत्र के लोगो में जनाक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग के नेतृत्व में प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम घुमारवीं के माध्यम से मुख्यमंत्री और शिक्षा विभाग को ज्ञापन भेजकर स्कूल विलय का निर्णय तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर फैसला वापस नहीं लिया गया तो क्षेत्र में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।राजकीय माध्यमिक पाठशाला घंडालवीं, संडयार और छंजयार के विलय के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में वक्ताओं ने सरकार के निर्णय को जनविरोधी और ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला बताया। ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित विद्यालयों में आज भी पर्याप्त संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में स्कूलों को अन्य संस्थानों में मर्ज करने से बच्चों को कई किलोमीटर दूर पढ़ाई के लिए जाना पड़ेगा।