पंजाब रोडवेज बस की ब्रेक फेल, सुरक्षा बैरियर से टकराई

सुधेड़-चड़ी रोड के तीखे मोड़ पर पेश आया हादसा, बैरियर से टला बड़ा हादसा

स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
अंतरराज्यीय बस स्टैंड के साथ लगते सुधेड़-चड़ी रोड की तरफ तीखे मोड़ पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक पंजाब रोडवेज की बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक नहीं लगने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सडक़ किनारे लगी सुरक्षा बैरियर से टकरा गई। घटना की जानकारी मौके के पास रह रहे एक प्रवासी मजदूर ने दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज ढलान वाले मोड़ पर पहुंची, तो उसके ब्रेक ने काम नहीं किया, जिससे हादसा हो गया।

गनीमत यह रही कि सडक़ किनारे लगे पैराफिट और सेफ्टी बैरियर ने बस को आगे बढऩे से रोक दिया। यदि सुरक्षा बैरियर नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, साथ ही हल्का ट्रैफिक जाम भी नजर आया। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था को सूचारू किया। उधर, एसएचओ धर्मशाला नारायण सिंह ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज नहीं हुआ है।