विधायक सत्ती बोले ; अंब-अंदौरा से कोलकाता के लिए ट्रेन चलना बड़ी उपलब्धि, यात्रियों को मिलेगा फायदा
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
केंद्र में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान देश के रेलवे स्टेशनों की स्थिति देखकर शर्म आती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशनों का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। वर्तमान में रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से इतने सुसज्जित हो गए हैं कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान एयरपोर्ट भी इतनी सुविधाओं से लैस नहीं हुआ करते थे। यह बात पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने शनिवार को अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से कोलकाता-गुरुमुखी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सत्ती ने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा सरकार थी और प्रो. प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री थे, तब जिला ऊना को एयरपोर्ट से जोडऩे के उद्देश्य से उपमंडल अंब में एयरपोर्ट निर्माण के लिए स्थान का चयन किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व नहीं चाहते थे कि क्षेत्र में एयरपोर्ट बने, जिसके कारण इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया जा सका और क्षेत्र के लोगों के हित प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े विकास कार्य से क्षेत्र में अनेक अन्य संभावनाएं और रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से विभिन्न महानगरों के लिए ट्रेन सेवाएं शुरू होने तथा धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने के बाद टैक्सी चालकों, होटल व्यवसायियों, दुकानदारों और अन्य लोगों के लिए रोजगार के नए साधन सृजित हुए हैं। सत्ती ने कहा कि रेल यात्रा न केवल सस्ती है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षा की भी गारंटी प्रदान करती है।
सांसद अनुराग ठाकुर को कहा थैंक्स
अंब। अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से शनिवार को कोलकाता के लिए गुरुमुखी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाए जाने के उपरांत आयोजित जनसभा में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बलबीर सिंह तथा गगरेट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में दोनों नेताओं ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान हिमाचल प्रदेश में रेलवे नेटवर्क का अपेक्षित विस्तार नहीं हो पाया था। उस समय क्षेत्र के लोगों को रेल यात्रा के लिए ऊना अथवा नंगल जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था और अधिकांश लोग बसों से ही सफर करने को मजबूर थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनने के बाद हिमाचल प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। बलबीर सिंह ने कहा कि अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन के निर्माण के बाद आज यहां से नौ ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को समय और धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने 6 जुलाई 2011 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दिन रेलवे स्टेशन का उद्घाटन प्रस्तावित था।