शिमला शहरी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के पदों पर होगी भर्ती

By: Jun 10th, 2026 12:02 am
posts

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बाल विकास परियोजना शिमला शहरी ने आंगनबाड़ी सह आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के विभिन्न पदों के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, शिमला शहरी के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। विभाग के अनुसार लोअर चक्कर, घोड़ाचौकी, जतोग, अप्पर समिट्री तथा ढली-1 स्थित आंगनबाड़ी सह केंद्रों में रिक्त पदों को भरा जाएगा। लोअर चक्कर, घोड़ाचौकी और जतोग केंद्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका दोनों पद रिक्त हैं। अप्पर समिट्री में केवल क्रैच कार्यकर्ता तथा ढली-1 केंद्र में केवल क्रैच सहायिका का पद भरा जाएगा। इन पदों के लिए केवल वही महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगी जो संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के लाभान्वित क्षेत्र (फीडर एरिया) से संबंधित हों। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाली महिलाओं के अलावा दिव्यांग, विधवा, अनाथ, असहाय, परित्यक्ता, सात वर्षों से लापता पति वाली महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा पूर्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, बाल सेविका, बालवाड़ी शिक्षक, नर्सरी शिक्षक, सिलाई अध्यापिका और शिशुपालक के रूप में कार्य कर चुकी महिलाओं को निर्धारित मानदंडों के अनुसार अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। ऐसे परिवारों की अविवाहित बेटियों को भी वरीयता मिलेगी, जिनमें केवल दो बेटियां हों और कोई पुत्र न हो। वहीं दो पुत्रियों तथा कोई पुत्र न रखने वाली विवाहित महिलाओं को भी निर्धारित नियमों के अनुसार अंक दिए जाएंगे। वर्तमान में क्रैच कार्यकर्ता को 5,500 रुपए तथा क्रैच सहायिका को 3,000 रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। साक्षात्कार की तिथि अभी निर्धारित नहीं की है। अधिक जानकारी के लिए निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र या बाल विकास परियोजना अधिकारी, शिमला शहरी, लटा वाह हाउस, निगम विहार, शिमला-171002 के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 70188-00702 भी जारी किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App