शाहतलाई को मिले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, विधायक संग निकाली पदयात्रा

By: Jun 10th, 2026 12:02 am

नंदलाल बने अध्यक्ष और सुनीता उपाध्यक्ष, भाजपा ने शाहतलाई नगर पंचायत में लगाई जीत की शानदार हैट्रिक

निजी संवाददाता – शाहतलाई
नगर पंचायत शाहतलाई में एक बार फिर से भगवा परचम लहराया है। बिलासपुर जिला की इस इकलौती नगर पंचायत में नवनिर्वाचित कुल 7 में से 5 सदस्य भाजपा समर्थित जीतकर आए हैं। मंगलवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने बिना किसी अड़चन के बाजी मार ली। अध्यक्ष पद पर नंदलाल शर्मा तथा उपाध्यक्ष पद पर सुनीता देवी निर्विरोध चुने गए। जीत की हैट्रिक बनने के उपलक्ष्य में सभी नवनिर्वाचित पार्षदों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल की अगवाई में नगर पंचायत कार्यालय से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान नगर पंचायत के चुनावों में सहयोग व समर्थन के लिए लोगों का आभार जताया गया।

पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीतराम कटवाल ने कहा कि नगर पंचायत शाहतलाई में लगातार तीसरी बार भगवा परचम लहराना भाजपा के प्रति लोगों के अटूट विश्वास का प्रमाण है। यह जीत किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि शाहतलाई की जनता, पार्टी के समर्पित व निष्ठावान कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास व राष्ट्र निर्माण के संकल्प की जीत है। मोदी सरकार विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, किसानों का उत्थान और आधुनिक आधारभूत संरचना का निर्माण इसकी मजबूत नींव हैं। भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि विकास का उजाला समाज में अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों तक पहुंचाना है।

नए अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पर टिकी जनता की उम्मीदें

उन्होंने विश्वास जताया कि नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के नेतृत्व में बाबा बालक नाथ की नगरी के रूप में प्रसिद्ध शाहतलाई में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठाए ईमानदारी और समर्पण के साथ काम किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App