कांग्रेस नेता पर हमले की मुख्य आरोपी साक्षी दो दिन बाद भी फरार, एक आरोपी को मिला एक दिन का रिमांड
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में कांग्रेस के मनोनीत पार्षद सरदार राजू शाह के साथ बद्रीपुर में मारपीट करने वाली मुख्य आरोपी युवती साक्षी निवासी टिंबी को पुलिस दो दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं, मामले के दूसरे आरोपी प्रशांत निवासी शिल्ला को कोर्ट में पेश करने के बाद एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है। 24 जून की शाम करीब साढ़े छह बजे साक्षी ने चोरी का सामान लौटाने के बहाने सरदार राजू शाह को बद्रीपुर बुलाया था। आरोप है कि वहां साक्षी और प्रशांत ने मिलकर बुजुर्ग नेता के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में राजू शाह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तनाव है।
पुलिस का कहना है कि नियमानुसार सूर्यास्त के बाद महिला आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता था। इसलिए घटना वाली रात साक्षी को हिरासत में नहीं लिया गया। अगले दिन जब पुलिस टीम टिंबी स्थित उसके घर पहुंची तो वह फरार हो चुकी थी। तब से अब तक उसका कोई पता नहीं चला है। घटना के बाद सिक्ख समाज और सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि मुख्य आरोपी के दो दिन बाद भी पकड़ से बाहर रहने से पीडि़त को न्याय मिलने में देरी हो रही है। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस से आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। उधर, एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी युवती की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए प्रशांत से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना की वजह क्या थी और कहीं इसके तार नशा तस्करी से तो नहीं जुड़े हैं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।