पंजाब से आया सप्लायर मीलवां में धरा, नशा तस्करी का भंडाफोड़

नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 264.6 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
कार्यालय संवाददाता- नूरपुर
नूरपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोडऩे में एक बड़ी सफलता हासिल की है। मीलवां में एक त्वरित कार्रवाई के दौरान सीआईए टीम नूरपुर ने एक सफेद रंग की होंडा अमेज कार की तलाशी लेकर 264.6 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद की है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत बरामद हेरोइन की यह खेप व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती है और इस मामले में मौके से पंजाब के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि उलैहडिय़ां-मीलवां मार्ग पर रेलवे फाटक के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि पंजाब का एक सप्लायर अपनी कार में भारी मात्रा में हेरोइन छिपाकर मीलवां इलाके में सप्लाई देने आया है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए स्वतंत्र गवाहों को साथ लिया और मौके पर पहुंचकर संदिग्ध गाड़ी को घेर लिया।

जब गाड़ी की सघन तलाशी ली गई, तो स्टीयरिंग काउल कवर के अंदर छुपाकर रखा गया एक पारदर्शी पॉलिथीन पैकेट बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से मौके पर जांच करने पर पदार्थ के हेरोइन होने की पुष्टि हुई, जिसका कुल वजन 264.6 ग्राम पाया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान जितेंद्र सिंह निवासी गांव भर्टवाल, डाकघर रियाली कलां, तहसील बटाला जिला गुरदासपुर पंजाब के रूप में हुई है। एसपी नूरपुर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है। इसके खिलाफ पहले से ही जम्मू-कश्मीर, पंजाब और प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज है। इस कार्रवाई से तीन राज्यों में फैले अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क की कडिय़ों को तोडऩे में बड़ी मदद मिलेगी।