‘रोहडू जाना मेरी आमिये’ पर झूमी राजधानी

समर फेस्टिवल की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में कुलदीप शर्मा समेत स्थानीय कलाकारों ने मचाई धमाल

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचली लोक संस्कृति और संगीत के नाम रही। ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित पहाड़ी सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के प्रसिद्ध लोक गायक एवं नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही उन्होंने अपना लोकप्रिय गीत ‘रोहड़ू जाना मेरी आमिये’ प्रस्तुत किया, पूरा रिज तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा और दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। कुलदीप शर्मा ने ‘नजराना, तेरो आशिको और ओ नीलिमा’ जैसे चर्चित गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी मधुर आवाज और पहाड़ी संस्कृति की झलक से सजी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

सांस्कृतिक संध्या में कुलदीप शर्मा के अलावा रमना भारती, डिंपल चौहान, संजीव धीमान, राजीव नेगी और बीरबल किन्नौरा सहित करीब 30 कलाकारों ने लोकगीतों और पारंपरिक संगीत के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री की धर्मपत्नी प्रतिभा ठाकुर, शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा, एचपीएसईडीसी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा तथा भूतपूर्व सैनिक लेफ्टिनेंट कर्नल रवींद्र एन. डोगरा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।