कंपनी ने परिजनों से किया मुआवजा-नौकरी देने का वादा
पेस बॉयोटेक में 19 वर्षीय अमन की मौत के बाद कंपनी मालिक-प्रबंधन ने परिजनों से की बातचीत
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित निजी दवा कंपनी पेस बॉयोटेक में सोमवार देर शाम हुए हादसे में 19 वर्षीय कामगार अमन की मौत हो गई। अमन सर्विस लिफ्ट में फंस गया था। यह अमन का कंपनी में काम का पहला ही दिन था। हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कंपनी की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कड़ा विरोध जताया। मृतक की पहचान अमन पुत्र सुल्तान सिंह निवासी क्यारदा गांव के रूप में हुई है। अमन सोमवार शाम फैक्ट्री के अंदर सामान लेकर सर्विस लिफ्ट में चढ़ा था।
लिफ्ट बीच में अचानक बंद हो गई और अमन उसमें फंस गया। साथी कामगारों ने शोर मचाया और कंपनी प्रबंधन की मदद से किसी तरह अमन को बाहर निकाला गया। वहीं, उसे तुरंत जुनेजा अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कंपनी व मालिक तथा मृतक के परिजनों में मुआवजे को लेकर मंगलवार को एक बैठक हुई, जिसमें मृतक के दो नाबालिग भाइयों को मुआवजा देने में स्वीकृति हुई। यह मुआवजे की राशि दोनों भाइयों के नाम एफडी कर दी जाएगी जो तब तक एफडी में रहेगी जब तक वह बालिग नहीं हो जाते। समझौते के तहत कंपनी ने यह भी तय किया कि दोनों भाइयों की पढ़ाई, लिखाई और रहने का पूरा खर्च कंपनी उठाएगी। पढ़ाई पूरी होने के बाद एक लडक़े को कंपनी के स्टाफ में नौकरी देने का वादा भी किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज नाहन भेजा और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में लिफ्ट की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
