रिज पर हेरिटेज साइक्लिंग राइड का आयोजन, मंत्री जंगत सिंह नेगी ने दी हरी झंडी
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत साइक्लिंग एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश एवं हास्टपा के सहयोग से शुक्रवार को ऐतिहासिक रिज मैदान पर हेरिटेज साइक्लिंग राइड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, स्कूली और महाविद्यालयी विद्यार्थियों, साइक्लिंग प्रेमियों और नागरिकों ने भाग लेकर नशा मुक्त हिमाचल का संदेश दिया। इस राइड को हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने शिमला की ऐतिहासिक धरोहरों के मध्य साइकिल चलाते हुए नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और युवाओं को खेलों एवं आउटडोर गतिविधियों से जोडऩे का आह्वान किया। साइक्लिंग एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के मानद सचिव मोहित सूद ने कहा कि साइक्लिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक स्वस्थ जीवन जीने का माध्यम है।
ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम शिमला में साइक्लिंग की संस्कृति विकसित करने और युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे की ओर नहीं, बल्कि खेलों, फिटनेस और प्रकृति से जुड़ी गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी हेरिटेज साइक्लिंग राइड, विद्यालय एवं महाविद्यालय जागरूकता कार्यक्रम, फिटनेस अभियान और सतत परिवहन को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि हिमाचल में साइक्लिंग की संस्कृति विकसित हो और युवा स्वस्थ एवं नशा मुक्त जीवनशैली अपनाएं। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट, पदक, सहभागिता प्रमाण-पत्र, जलपान एवं भोजन करवाया।