आधी रात को चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, मालिक को सुबह चला पता, थाने में केस किया दर्ज
कार्यालय संवाददाता-टाहलीवाल
क्षेत्र के थाना टाहलीवाल के तहत गांव नंगल कलां में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। सभी लोग अपने-अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं। जानकारी के अनुसार गांव नंगल कलां निवासी निर्मल सिंह पुत्र डेप्युटी लाल के घर में अज्ञात बदमाश रात के समय घुस आए। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी को खंगालते हुए कीमती जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो सोने की नथ, चार सोने की अंगूठियां, एक चांदी की पायल, चांदी के 20 सिक्के तथा चांदी के 8 कंगन शामिल बताए जा रहे हैं। घटना का खुलासा शनिवार सुबह तब हुआ, जब परिवार के सदस्यों ने घर के भीतर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा देखा।
इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पीडि़त परिवार ने थाना टाहलीवाल में शिकायत दर्ज करवा दी है। सूचना मिलते ही टाहलीवाल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। वहीं, थाना प्रभारी रिंकू सूर्यावंशी का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस वारदात में शामिल लोगों का सुराग लगाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगे।
टाहलीवाल में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
टाहलीवाल। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर नगर पंचायत टाहलीवाल के पार्षदों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और बंद की गई ट्रैफिक विंग को पुन: शुरू करने की मांग की है। नगर पंचायत टाहलीवाल के वार्ड नंबर 1 के पार्षद संजीव कुमार, वार्ड नंबर 2 की पार्षद निरंजना कुमारी, वार्ड नंबर 3 की पार्षद डिम्पल, वार्ड नंबर 4 के पार्षद राजकुमार मल्ली, वार्ड नंबर 5 की पार्षद नीलम देवी, वार्ड नंबर 6 के पार्षद अजय सहगल तथा वार्ड नंबर 7 की पार्षद अनु देवी ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि टाहलीवाल क्षेत्र का प्रमुख और बड़ा बाजार होने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र भी है। ऐसे में यहां लोगों के घरों, दुकानों और उद्योगों पर असामाजिक तत्वों की नजर बनी रहती है। पार्षदों ने कहा कि क्षेत्र में रात्रि के समय नियमित पुलिस गश्त होने से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनेगा और चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा। उन्होंने यह भी मांग की कि बंद की गई ट्रैफिक विंग को दोबारा सक्रिय किया जाए।