शीतला माता के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं ने टेका माथा, भीषण गर्मी के बावजूद दर्शन के लिए लगीं लंबी कतारें
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
ऐतिहासिक मंगला मेले के चौथे और अंतिम मंगलवार को शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भीषण गर्मी के बावजूद सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और दिनभर माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और चर्म रोगों से मुक्ति की कामना की। श्रद्धालुओं ने माता को पवित्र जल, गुलगुले, चने, खील-बताशे और अनाज का प्रसाद अर्पित किया। गर्मी को देखते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के आसपास ठंडे पानी और शरबत की छबीलें लगाईं, जिनका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। मेले में धार्मिक आस्था के साथ पारंपरिक रौनक भी देखने को मिली। खिलौनों, मिठाइयों, घरेलू सामान और खानपान की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही।
करीब 500 वर्ष पुरानी मानी जाने वाली इस परंपरा में नालागढ़, दून, आसपास के क्षेत्रों के अलावा पंजाब और हरियाणा से भी श्रद्धालु पहुंचे। मान्यता है कि शीतला माता के दर्शन से फोड़ा-फुंसी, चिकनपॉक्स और अन्य चर्म रोगों से राहत मिलती है। मंगला मेले के समापन अवसर पर 17 जून को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भंडारे को लेकर मंदिर समिति और श्रद्धालुओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अंतिम मंगलवार होने के चलते इस दिन श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ उमडऩे की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजलए साफ.सफाई और दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, वहीं प्रशासन भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुट गया है। मंदिर के सेवादार मोहनदास ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि समापन अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
