आदि कैलाश-ओम पर्वत यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 39 दिन में टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड
पिथौरागढ़। उत्तराखंड की ऐतिहासिक आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा ने इस वर्ष नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। यात्रा शुरू होने के महज 39 दिनों के भीतर ही पिछले वर्ष के पूरे रिकॉर्ड टूट गए हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के अनुसार प्रदेश में इन दिनों चारधाम यात्रा के साथ ही आदि कैलाश और ओम् पर्वत यात्रा संचालित की जा रही है। चारधाम यात्रा की तरह कुमाऊं की आदि कैलाश और ओम् पर्वत यात्रा पर रिकार्ड श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में पूरे यात्रा सत्र के दौरान 36,526 इनर लाइन परमिट (आईएलपी) जारी किए गए थे, जबकि इस वर्ष अब तक 36,776 परमिट जारी हो चुके हैं। यानी पिछले साल का आंकड़ा यात्रा सीजन के शुरुआती दौर में ही पार हो गया है।
आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक, ट्रेकर और प्रकृति प्रेमी पिथौरागढ़ पहुंच रहे हैं। यात्रा मार्गों पर बेहतर सड़क संपर्क, आवासीय सुविधाओं का विस्तार, सरल परमिट व्यवस्था और प्रशासन की प्रभावी तैयारियों का सकारात्मक असर यात्रियों की बढ़ती संख्या के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जानकार इस बढ़ती लोकप्रियता के पीछे वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश दौरे और वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जोलिंगकोंग में आयोजित योग कार्यक्रम को भी अहम मान रहे हैं। इसके अलावा आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन जैसे आयोजनों ने भी इस क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि इस वर्ष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष का पूरा रिकॉर्ड मात्र 39 दिनों में टूट जाना यात्रा की बढ़ती लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। यात्रियों की बढ़ती आमद से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिल रहा है। होमस्टे, होटल, परिवहन, स्थानीय व्यापार और स्वरोजगार से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि हुई है, जिससे सीमांत क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
