पर्यटन सीजन के चलते चरमराई यातायात व्यवस्था
कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचते ही बैजनाथ-पपरोला क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह दबाव में दिखाई दे रही है। शनिवार और रविवार सहित अवकाश के दिनों में लगने वाला जाम अब स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। शनिवार को भी सुबह से ही बैजनाथ-पपरोला बाजार, मुख्य चौक तथा प्रमुख संपर्क मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे लोगों को घंटों तक जाम में फें रहना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव के बावजूद ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कई स्थानों पर न तो पर्याप्त पुलिस बल दिखाई देता है और न ही ट्रैफिक को सुचारू रूप से संचालित करने की प्रभावी व्यवस्था नजर आती है। परिणामस्वरूप बाजार क्षेत्र में छोटी सी बाधा भी लंबे जाम का कारण बन जाती है। इन दिनों देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक बीड़दृबिलिंग पहुंच रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़दृबिलिंग में प्रतिदिन सैकड़ों पर्यटक रोमांचक उड़ानों का आनंद लेने के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का भी लुत्फ उठा रहे हैं। इसके अलावा ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले प्राचीन शिव मंदिर बैजनाथ में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
स्थायी समाधान की जरूरत
विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का मानना है कि बैजनाथ-पपरोला में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अब केवल अस्थायी उपाय पर्याप्त नहीं हैं। पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण पर नियंत्रण रखने, ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाने तथा भीड़भाड़ वाले दिनों के लिए विशेष यातायात योजना तैयार करने की आवश्यकता है।
अतिरिक्त पुलिस बल की मांग
लोगों का मानना है कि सप्ताहांत और पर्यटन सीजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए। बाजार के प्रमुख चौराहोंए बस स्टैंडए पपरोला चौक और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक ड्यूटी लगाकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सकता है। कई नागरिकों ने यह भी सुझाव दिया है कि पुलिस का मुख्य ध्यान यातायात को सुचारू बनाए रखने पर होना चाहिए।