महिला विवाद की पंचायत में बवाल, दो मासूम बहनों की पानी में डुबोकर कर दी हत्या

By: Jun 9th, 2026 2:58 pm

धार। मध्यप्रदेश में धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद दो मासूम बच्चियों की कथित रूप से पानी के टैंक में डुबोकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम जामपाड़ा में सोमवार रात एक महिला से जुड़े विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में विवाद का समाधान नहीं निकलने पर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

बताया गया है कि इसके बाद कुछ लोगों ने गांव में पहुंचकर मारपीट और उपद्रव किया। इस दौरान अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। आरोप है कि उपद्रव के बीच दिनेश कटारा की दो पुत्रियों ऋषिका (चार वर्ष) और शिवानी (पांच वर्ष) को पानी के होद में डुबो दिया गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही राजोद थाना पुलिस तथा वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सरदारपुर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी विश्वदीप सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App