इस वक्त कहां पहुंचा मानसून? हिमाचल में कब होगी एंट्री और क्यों जारी हुआ अलर्ट? जानिए

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—नई दिल्ली

दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए सिक्किम, पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों और पूर्वोत्तर के शेष हिस्सों में पहुंच चुका है। मौसम विभाग की मंगलवार को जारी बुलेटिन के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में अगले पांच से सात दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के अनुमान हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कोंकण और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश दर्ज भी की जा चुकी है।

हिमाचल के लिए अलर्ट

खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता को आंधी-तूफान के दौरान घरों के अंदर रहने, बिजली के उपकरणों को प्लग से निकालकर रखने और लू वाले इलाकों में लगातार पानी या ओआरएस का घोल पीते रहने की सलाह दी है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के किसानों को पके फलों की तुड़ाई जल्द करने, भारी बारिश वाले राज्यों के किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने और मछुआरों को 9 से 14 जून के बीच समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

उत्तर भारत में 11 से नया पश्चिमी विक्षोभ

11 जून से उत्तरी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 11 और 12 जून को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कडक़ने और ओलावृष्टि होने के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में 11 से 13 जून के बीच धूल भरी आंधी चल सकती है।

मध्य भारत में भीषण गर्मी, हिमाचल भी चपेट में

दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत के कई इलाके अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। पिछले 24 घंटों में देश में सबसे अधिक तापमान राजस्थान के श्रीगंगानगर में 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने नौ से 11 जून के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भी 10 जून तक लू का प्रकोप रहेगा।

राजधानी दिल्ली में गिरेगा पारा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नौ और 10 जून को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम को बिजली चमकने के साथ हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 11 जून की रात को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या धूल भरी आंधी आ सकती है। 12 जून को सुबह और दोपहर में बिजली कडक़ने के साथ बारिश की बौछारें पडऩे से अधिकतम तापमान गिरकर 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।