केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी,डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री ने भी खोला मोर्चा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- ऊना
राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर उठ रहे विवादों और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता को लेकर सवालों के बीच मंगलवार को युवा कांग्रेस ने ऊना में मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। मशाल जुलूस का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय ने किया, जबकि प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी शेष नारायण ओझा भी मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी हाथों में मशालें लेकर एमसी पार्क ऊना से आईएसबीटी तक मार्च करते हुए पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशालें लेकर शहर में जुलूस निकाला और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
मशाल जुलूस में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री विशेष रूप से शामिल हुए तथा युवाओं के पक्ष में अपना समर्थन दिया। उन्होंने नीट परीक्षा लीक मामले को देश के लाखो युवाओं के हितों से खिलवाड़ व धोखा करार दिया। परीक्षा प्रक्रिया में सामने आए विवादों ने छात्रों का विश्वास कमजोर किया है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी शेष नारायण ओझा ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा को लेकर देशभर में विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच लगातार असंतोष का माहौल बना हुआ है। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी प्रकार की अनियमितताओं की भेंट नहीं चढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी हुई है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
ये-ये रहे मौजूद
मशाल जुलूस के दौरान प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अखिल अग्रिहोत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभित गौतम, नाहिद हुसैन, गुरमुख सिंह, अमन जसवाल, अभिषेक ठाकुर, नीरज ठाकुर, अभिषेक ठाकुर, ऋषभ कोहल, सुख सैणी, अंकित, नीतिश शर्मा, सतविंद्र सिंह, बलविंद्र सिंह, मोनी ठाकुर,संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।