कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को किया नमन

अर्की में शहीद कैप्टन विजयंत थापर को अर्पित की पुष्पांजलि

स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
कारगिल विजय दिवस पर उपमंडल मुख्यालय अर्की में शहीद कैप्टन विजयंत थापर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें और कारगिल युद्ध के सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रशासन, पूर्व सैनिकों, शहीद के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा। तहसीलदार विपिन वर्मा ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

वक्ताओं ने कहा कि 26 जुलाई, 1999 को भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। कैप्टन विजयंत थापर ने टोलोलिंग क्षेत्र के नॉल पोस्ट पर अदम्य साहस दिखाते हुए 22 वर्ष की आयु में सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनका बलिदान युवाओं को राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और अमर शहीद अमर रहें के नारों से हुआ।