उपमुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल में 50 बिस्तरों वाले भवन की रखी आधारशिला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
हरोली के स्वास्थ्य क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को सिविल अस्पताल हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले भवन की आधारशिला रखी। लगभग 8.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन अस्पताल की स्वास्थ्य अधोसंरचना को और सुदृढ़ करेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे हरोली सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, आधुनिक एवं अधिक सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिविल अस्पताल हरोली को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है।
आवास और आधुनिक एंबुलेंस की सौगात
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के लिए आवासों का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा सिविल अस्पताल हरोली को शीघ्र ही लगभग 25 लाख रुपए की लागत वाली पूर्णत: सुसज्जित आधुनिक एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।
मौके पर ये गणमान्य रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रंजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर, परिवहन निगम सदस्य अशोक ठाकुर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंदर कौर एवं ज्योति बाला, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष अधिवक्ता वीरेंद्र मनकोटिया, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, सतीश बिट्टू, विनोद बिट्टू, अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया, हिमकैप्स के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, प्रमोद कुमार, धर्म सिंह चौधरी, जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर, सुभद्रा चौधरी, रमन कुमारी, सुरेखा राणा, मधु धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।