धर्मावाला से चोरी हुई थी पांवटा निवासी की बाइक, फरार दो आरोपियों की तलाश जारी
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के ग्राम भवानी (पोस्ट भंगानी) निवासी जहीर की चोरी हुई बाइक का मामला देहरादून पुलिस ने महज दो दिन में सुलझा लिया। पुलिस ने एक आरोपी को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार जहीर पुत्र शमसुद्दीन ने सात जुलाई को थाना सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि धर्मावाला क्षेत्र से उनकी एचपी-17एफ-3952 नंबर की काले-नीले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी हो गई है। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सायंकालीन चेकिंग के दौरान पुलिस ने तिमली-धर्मावाला क्षेत्र से मुकेश पुत्र सत्यपाल सिंह, निवासी सहारनपुर, को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों काला और तयब, दोनों निवासी सहारनपुर, के साथ मिलकर 5 जुलाई की रात स्वामी विवेकानंद अस्पताल के पास से बाइक चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया है। एसएसपी देहरादून ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।