मंडी सदर में बतौर एसडीएम दे चुकी हैं सेवाएं, विकास का दिया आश्वासन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2021 बैच की अधिकारी रूपिंदर कौर ने शुक्रवार को बिलासपुर में अतिरिक्त उपायुक्त तथा जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की सह-परियोजना निदेशक के रूप में कार्यभार संभाल लिया।कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत रूपिंदर कौर ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदेश सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीण विकास को सुदृढ़ बनाने, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने तथा जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे।बिलासपुर में नियुक्ति से पूर्व रूपिंदर कौर मंडी सदर में उपमंडलाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन से पहले उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा में भी हुआ था।