जलवायु परिवर्तन की चुनौतियां करें हल

कुलपति ने किसान केंद्रित अनुसंधान की जरूरत पर दिया जोर

निजी संवाददाता-सोलन
नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचएस बवेजा ने औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी का दौरा किया। उन्होंने महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया तथा संस्थान की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की समीक्षा की। अधिष्ठाता डा. रमेश कुमार भारद्वाज ने शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के साथ कुलपति का स्वागत किया। अधिष्ठाता ने शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान उपलब्धियों, प्रसार कार्यक्रमों, आधारभूत संरचना तथा भावी विकास योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। प्रो. बवेजा ने औद्यानिकी, वानिकी, कृषि तथा जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न नई चुनौतियों का प्रभावी समाधान करने के लिए आवश्यकता-आधारित, बहुविषयक, नवाचार-आधारित तथा किसान-केंद्रित अनुसंधान की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ऐसे व्यावहारिक एवं टिकाऊ प्रौद्योगिकीय समाधानों के विकास पर विशेष जोर दिया, जो किसानों की आय और आजीविका में सुधार लाने में सहायक हों। इस मौके पर कुलपति प्रो एचएस बवेजा ने औद्यानिकी, पारिस्थितिकी पर्यटन (ईको-टूरिज्म), उद्यमिता तथा अनुभवात्मक शिक्षण के समन्वय से हॉर्टी-टूरिज्म को बढ़ावा देने की वकालत की। अनुसंधान, प्रसार, नवाचार तथा सतत विकास के क्षेत्रों में उत्कृष्टता पर जोर दिया।