उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

उपायुक्त ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और वीवीआईपी व्यवस्थाओं की समीक्षा की

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 10 जुलाई को प्रस्तावित शिमला दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बुधवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, अग्निशमन, हेलीपैड, वीवीआईपी मूवमेंट और अन्य सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रशासन ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और किसी भी स्तर पर चूक नहीं होने देने के निर्देश दिए। बैठक में हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग और उड़ान, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाइयों और आवश्यक उपकरणों के साथ पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। वहीं, अग्निशमन विभाग को कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर दमकल वाहनों व प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में कानून-व्यवस्था, पार्किंग व यातायात प्रबंधन, वीवीआईपी रूट प्लान, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्गों की मरम्मत, संचार नेटवर्क, बिजली बैकअप, आपदा प्रबंधन और प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज शर्मा व ज्योति राणा, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डाक्टर भुवन शर्मा, एसडीएम मंजीत शर्मा, एसडीएम ओशिन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर यशपाल रांटा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।