आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा तकनीकी ज्ञान

बिलासपुर में फंडामेंटल्स ऑफ पोषक फॉर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का शुरू, एडीसी ओमकांत ठाकुर ने किया शुभारंभ

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
चेतना संस्था में भारत कौशल विकास उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत जन शिक्षण संस्थान, बिलासपुर के मुख्य कार्यालय विजयपुर में फंडामेंटल्स ऑफ पोषक (पोषण शिक्षा एवं कौशल) फॉर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं कौशल विकास से संबंधित व्यवहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान कर उन्हें अधिक सक्षम एवं प्रभावी बनाना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (एडीसी) बिलासपुर ओमकांत ठाकुर रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा, सीडीपीओ बिलासपुर पवन कुमार, पोषक जिला समन्वयक रुचिका, सुपरवाइजर प्रवीण ठाकुर व हेमलता शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत चेतना संस्था के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अपने स्वागत संबोधन में चेतना संस्था द्वारा महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, शिक्षाए स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी सांझा करते हुए संस्था की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

इसके पश्चात जन शिक्षण संस्थान बिलासपुर के निदेशक अरुण कुमार गौतम ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जन शिक्षण संस्थान की स्थापना, इतिहास एवं उद्देश्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की रूपरेखा, पाठ्यक्रम मॉड्यूल, स्वच्छता के महत्व तथा वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता एवं पूर्ण समर्पण के साथ पूर्ण करने का आह्वान किया, ताकि वे समाज में बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकें। मुख्य अतिथि अपर उपायुक्त बिलासपुर ओमकांत ठाकुर ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में चेतना संस्था की अध्यक्षा डॉ. मल्लिका नड्डा द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे। वहीं कार्यक्रम शुरू हुआ।