आज यातायात के लिए खुलेगा बड़साला पुल

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने क्षतिग्रस्त पुल और सडक़ का किया निरीक्षण

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को ऊना जिले के बड़साला में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब 200 मीटर लंबे पुल की मरम्मत पर दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और इसे शनिवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सडक़ एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण को विकास की आधारभूत आवश्यकता मानते हुए गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना के निर्माण और समयबद्ध रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश के हर क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना हमारी प्रतिबद्धता है।

इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत अपग्रेड की जा रही बसाल-नंगल सलागड़ी सडक़ का भी निरीक्षण किया। सात किलोमीटर लंबी इस सडक़ के निर्माण पर नौ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सडक़ बनने से बसाल, चलोला और नंगल सलागड़ी सहित आसपास के करीब एक हजार लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे पहले लोक निर्माण मंत्री ने ऊना के टक्का में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुमित कुमार शर्मा द्वारा आयोजित आभार मिलन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं।