सोलन जिला परिषद में भाजपा का जलवा, दोनों पद किए अपने नाम

कुमारी शीला बनीं अध्यक्ष, पंकज शर्मा उपाध्यक्ष; स्पष्ट बहुमत से दर्ज की जीत

निजी संवाददाता-सोलन
जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने दोनों पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर कुमारी शीला और उपाध्यक्ष पद पर पंकज शर्मा निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। जिला परिषद सोलन में कुल 17 सदस्य हैं, जिनमें 10 भाजपा समर्थित, चार कांग्रेस समर्थित और तीन निर्दलीय सदस्य शामिल हैं। चुनाव के दौरान दो सदस्य अनुपस्थित रहे।

स्पष्ट बहुमत के आधार पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत हासिल की।नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमारी शीला और उपाध्यक्ष पंकज शर्मा ने सभी जिला परिषद सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता से करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसमस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और विकास की राजनीति का परिणाम है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जिला परिषद अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जिले के समग्र विकास और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

भाजपा नेताओं ने दी बधाई
चुनाव परिणाम के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमारी शीला और उपाध्यक्ष पंकज शर्मा को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जश्न
जिला परिषद अध्यक्ष पद पर कुमारी शीला के निर्वाचित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों पर नृत्य कर खुशी मनाई। फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और मिठाई बांटकर नए नेतृत्व को शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा बोले, शांतिपूर्ण रहा चुनाव
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ। दो सदस्य अनुपस्थित रहे, जबकि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की गई।
एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित था अध्यक्ष पद
जिला परिषद सोलन का अध्यक्ष पद इस बार अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित था। भाजपा में कई महिला नेताओं के नाम चर्चा में रहे, लेकिन पार्टी ने कुमारी शीला पर भरोसा जताया। उनके निर्वाचित होने पर समर्थकों ने खुशी जताई।

कुमारी शीला का नाम आशा परिहार ने किया प्रस्तावित
जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुमारी शीला के नाम का प्रस्ताव डुमैहर वार्ड की सदस्य आशा परिहार ने रखा, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए पंकज शर्मा का नाम चेवा वार्ड की सदस्य सुमन लता ने प्रस्तावित किया। उपाध्यक्ष पद की दावेदार मानी जा रहीं आशा परिहार ने कहा कि हाईकमान के निर्णय का वह सम्मान करती हैं और संगठन के साथ मजबूती से खड़ी रहेंगी।