नगर परिषद रामपुर में भाजपा का परचम

भाजपा के करण शर्मा अध्यक्ष और रोहित नेगी को सौंपी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर के नव-निर्वाचित पार्षदों की बैठक सोमवार को नगर परिषद के बैठक कक्ष में अधिकृत अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। स्थानीय विधायक नन्द लाल ने भी बैठक में उपस्थित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-04 से भाजपा के पार्षद करण शर्मा तथा वार्ड संख्या-09 से कांग्रेस के पार्षद विशेषर लाल ने नामांकन दाखिल किया।

वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-02 से भाजपा पार्षद रोहित नेगी और वार्ड संख्या-03 से कांग्रेस पार्षद जयश्री चुनाव मैदान में रहे। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर करण शर्मा तथा उपाध्यक्ष पद पर रोहित नेगी विजयी घोषित किए गए। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अधिकृत अधिकारी एवं एसडीएम (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष करण शर्मा एवं उपाध्यक्ष रोहित नेगी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई दी।