बीच सडक़ हांफी बस, आधे घंटे तक थमे पहिए

जाम के चलते शीला चौक से चरान पुल तक गाडिय़ों की लगी लंबी-लंबी कतारें

सिटी रिपोर्टर- धर्मशाला
धर्मशाला में मंगलवार शाम एचआरटीसी की एक बस के बीच सडक़ में अचानक खराब हो जाने से पालमपुर-धर्मशाला मार्ग पर करीब आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। शाम करीब साढ़े चार बजे से पौने पांच बजे तक शीला चौक से चरान पुल तक वाहनों की लंबी कतारें लगने शुरू हो गई। जाम के कारण दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहन रेंगते नजर आए, जबकि कई स्थानों पर यातायात पूरी तरह थम गया। कार्यालयों से लौट रहे कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, पर्यटक और अन्य यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वाहन चालकों के अनुसार बस के खराब होने के बाद सडक़ का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया, जिससे देखते ही देखते वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। धर्मशाला सहित कांगड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एचआरटीसी की बसों के बीच रास्ते में खराब होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एचआरटीसी धर्मशाला के क्षेत्रीय प्रबंधक साहिल कपूर ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने की सूचना मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। खराबी को दूर करने के बाद बस को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और यातायात को जल्द से जल्द सामान्य कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और बसों के रखरखाव पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है।