अवैध खनन पर पांच पर केस दर्ज

मंड इंदौरा में पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई, लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

निजी संवाददाता- इंदौरा
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंड इंदौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंड इंदौरा क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 में मानसून सत्र के दौरान सरकार द्वारा लगाए गए खनन प्रतिबंध का उल्लंघन कर लोडर एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा था। मामले का संज्ञान लेते हुए मंड इंदौरा पुलिस ने एफआईआर संख्या 119/2026, 24 जुलाई 2026 दर्ज की है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता बीएनस की धारा 303 (2), 3(5) तथा खान एवं खनिज विकास और विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत पंजीकृत किया गया है।

पुलिस जांच में अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर बंटी, शिव, शाकू तथा लोडर मालिक नरेंद्र सिंह उर्फ बड्डू और नासर सभी निवासी मंड इंदौरा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना में प्रयुक्त अन्य वाहनों, मशीनरी तथा इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य सहआरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खननए नदियों तथा प्राकृतिक संसाधनों के गैर कानूनी दोहन में संलिप्त तत्त्वों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।