बिलासपुर में कालेज प्राध्यापकों का प्रदर्शन

लंबित मांगें पूरी न होने पर एचजीसीटीए ने काले बिल्ले लगाकर किया विरोध, प्राचार्य के माध्यम से सरकार को भेजा ज्ञापन

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (एचजीसीटीए) की स्थानीय इकाई राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर द्वारा सोमवार को राज्य स्तरीय आह्वान के समर्थन में एक गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य काले बैज पहनकर शांतिपूर्ण ढंग से अपने विरोध को दर्ज कराते हुए एकजुटता प्रदर्शित करते नजर आए।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। प्रमुख मांगों में कॉलेज शिक्षकों के लिए करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) को तत्काल प्रभाव से लागू करना, सभी पात्र शिक्षकों को नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि जोड़ते हुए पदोन्नति लाभ प्रदान करना, महंगाई भत्ता (डीए) की लंबित किस्तों का शीघ्र भुगतान तथा सभी बकाया एरियर जारी करना शामिल हैं। गेट मीटिंग के दौरान शिक्षकों ने आशा व्यक्त की कि सरकार जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। बैठक के अंत में एचजीसीटीए स्थानीय इकाई बिलासपुर के सभी पदाधिकारियों अध्यक्ष डॉ. सुरजीत चंदेल, उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश, सचिव डॉ. विजय, कोषाध्यक्ष डॉ. मोनिका व संयुक्त सचिव प्रो. हितेश ने समस्त सदस्यों के साथ मिलकर अपनी मांगों का ज्ञापन महाविद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से सरकार को प्रेषित किया। इस अवसर पर केंद्रीय इकाई के राज्य उपाध्यक्ष डॉ. सुरिंदर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।